भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के स्लॉटर हाउस में गौमांस मिलने के मामले को लेकर हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश देखने को मिला और जय मां भवानी हिंदू संगठन ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया, शीतल दास की बगिया में नगर निगम का प्रतीकात्मक पिंडदान कर प्रशासन पर लापरवाही और संवेदनहीनता का आरोप लगाया गया।
गौ माता की आत्मा की शांति के लिए पूजा-अर्चना करते हुए संगठन के सदस्यों ने सामूहिक मुंडन कराया और कहा कि जिस तरह परिवार में किसी के निधन पर पिंडदान किया जाता है, उसी तरह नगर निगम ने गौ माता की हत्या के दोषियों पर कार्रवाई न कर खुद को मृत समान बना लिया है, इसलिए यह प्रतीकात्मक पिंडदान किया गया है।
इस विरोध प्रदर्शन को गौ माता न्याय संकल्प यात्रा का नाम दिया गया, जिसके तहत संगठन के कार्यकर्ताओं ने एक बछिया को साथ लेकर शीतल दास की बगिया से जैन स्तंभ और राजा भोज सेतु तक पैदल मार्च निकाला और पूरे रास्ते गौ माता के लिए न्याय की मांग करते हुए नारेबाजी की।
संगठन के अध्यक्ष ने कहा कि जब तक गौ माता की हत्या के जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा और नगर निगम को अपनी जिम्मेदारी से बचने नहीं दिया जाएगा।

