भोपाल। केंद्र सरकार ने आम बजट 2026 पेश कर दिया है और इस पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है।
सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश को पीएम मित्र पार्क के रूप में टेक्सटाइल सेक्टर की बड़ी सौगात दी है, जिससे करीब तीन लाख लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और लगभग छह लाख किसानों को इसका सीधा लाभ होगा।
मुख्यमंत्री के मुताबिक वस्त्र उद्योग सेक्टर में रिफॉर्म पर जोर दिए जाने से मध्य प्रदेश को विशेष फायदा मिलेगा और मालवा-निमाड़ अंचल औद्योगिक विकास की नई उड़ान के लिए तैयार होगा।
डॉ मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2026-27 का बजट विकसित भारत @2047 के लक्ष्य की दिशा में एक प्रभावी कदम है।
उन्होंने बताया कि बजट में गरीबों, युवाओं, अन्नदाताओं और महिलाओं पर विशेष फोकस किया गया है, जिससे विकास को नई गति मिलेगी और भारतीय अर्थव्यवस्था वैश्विक मंच पर और मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक प्रगति को बढ़ावा देना, आम जनता की उम्मीदों को पूरा करना और सबका साथ-सबका विकास इस बजट की मुख्य विशेषताएं हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि पांच लाख से अधिक आबादी वाले शहरों के विकास, शहरी आर्थिक क्षेत्रों पर पांच साल में पांच हजार करोड़ रुपये खर्च करने, छोटे शहरों में तीर्थ स्थलों के विकास, हर जिले में महिला छात्रावास के निर्माण और जिला अस्पतालों के उन्नयन से प्रदेश को बड़ा लाभ मिलेगा।
सीएम डॉ मोहन यादव ने केंद्र सरकार की दूरगामी नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि वस्त्र उद्योग क्षेत्र में किए जा रहे सुधारों से संपूर्ण देश के साथ-साथ मध्य प्रदेश को भी विशेष लाभ होगा।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार जताते हुए कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 की सभी क्षेत्रों में सराहना हो रही है।

