वाराणसी को बजट की बड़ी सौगात, शिप रिपेयर सेंटर और हाई स्पीड रेल कॉरिडोर से जुड़ेगा बनारस

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वित्त वर्ष 2026-27 का केंद्रीय बजट पेश कर दिया है और इस बार उन्होंने लगातार नौवीं बार बजट प्रस्तुत करने का रिकॉर्ड बनाया है। करीब 85 मिनट के अपने भाषण में उन्होंने कई अहम घोषणाएं कीं, जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी को दो बड़ी सौगातें मिली हैं।

केंद्रीय बजट में अंतर्देशीय जलमार्गों को बढ़ावा देने के लिए शिप रिपेयर इकोसिस्टम विकसित करने की घोषणा की गई है, जिसके तहत वाराणसी में एक आधुनिक शिप रिपेयर सेंटर खोला जाएगा। इससे गंगा नदी के जरिए होने वाले कार्गो ट्रांसपोर्ट को मजबूती मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

इसके साथ ही बजट में वाराणसी को हाई स्पीड रेल कॉरिडोर से जोड़ने का ऐलान भी किया गया है। सरकार देश में सात हाई स्पीड रेल कॉरिडोर विकसित करने जा रही है, जिनमें से दो वाराणसी से होकर गुजरेंगे। एक हाई स्पीड रेल कॉरिडोर दिल्ली से वाराणसी के बीच बनेगा, जबकि दूसरा कॉरिडोर वाराणसी को पूर्वोत्तर भारत से जोड़ते हुए सिलीगुड़ी तक जाएगा।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि पर्यावरण के लिहाज से टिकाऊ कार्गो मूवमेंट को बढ़ावा देने के लिए नए डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे और अगले पांच सालों में 20 नए जलमार्ग शुरू किए जाएंगे। इसी योजना के तहत वाराणसी और पटना में अंतर्देशीय जलमार्गों के लिए शिप रिपेयर इकोसिस्टम स्थापित किया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय विकास को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *