भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर डेढ़ करोड़ रुपये की बड़ी साइबर ठगी का मामला सामने आया है, जहां टेलीग्राम ग्रुप के जरिए 77 वर्षीय बुजुर्ग को जाल में फंसाया गया। ठगों ने पहले भरोसा जीता और फिर फर्जी ट्रेडिंग वेबसाइट लैंडप्राइम पर रजिस्ट्रेशन कराकर मोटे मुनाफे का सपना दिखाया।
नकली डैशबोर्ड पर लगातार मुनाफा दिखाकर बुजुर्ग से 1 करोड़ 49 लाख 35 हजार 273 रुपये अलग-अलग किश्तों में जमा कराए गए। रकम 26 से ज्यादा बैंक खातों में ट्रांसफर करवाई गई और UPI व RTGS के जरिए करोड़ों का लेनदेन कराया गया। जब पीड़ित ने मुनाफा निकालने की कोशिश की तो टैक्स और फीस के नाम पर और पैसे मांगे गए।
कुछ समय बाद वेबसाइट अचानक बंद हो गई और टेलीग्राम ग्रुप के एडमिन व कथित एक्सपर्ट भी गायब हो गए। तब जाकर बुजुर्ग को अपने साथ हुई साइबर ठगी का अहसास हुआ। पीड़ित ने पूरे मामले की शिकायत साइबर क्राइम ब्रांच भोपाल में दर्ज कराई है और पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

