इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में नशे के कारोबार पर क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। लक्ष्मीबाई नगर मेन रोड स्थित मालवा रेडीमेड क्लस्टर के सामने से पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से 31.86 ग्राम एमडी बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3 लाख 20 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी मादक पदार्थ को बड़ी चालाकी से अपनी होंडा दोपहिया गाड़ी की सीट के भीतर छिपाकर ले जा रहे थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान झालावाड़ निवासी कमललाल मेघवाल और नरेंद्रलाल मेघवाल के रूप में हुई है। कमल मजदूरी करता है और दूसरी कक्षा तक पढ़ा है, जबकि नरेंद्र दसवीं पास है और दुकान चलाता है। कमल के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
तलाशी के दौरान एमडी के अलावा पुलिस ने एक दोपहिया वाहन और दो वीवो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 4 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे सस्ते दामों पर एमडी खरीदकर इंदौर में नशे के आदी लोगों को महंगे दामों पर बेचने की फिराक में थे, ताकि मोटा मुनाफा कमा सकें।
पुलिस ने अपराध क्रमांक 14/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 में मामला दर्ज कर लिया है और अब पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि नशीले पदार्थ की यह खेप कहां से लाई गई थी और शहर में किन लोगों तक इसकी सप्लाई होने वाली थी।

