टीकमगढ़। मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां दूध निकालने के लिए एक व्यक्ति ने क्रूरता की सारी सीमाएं लांघ दीं। दुधारू गाय से दूध मिलता रहे, इसके लिए उसके मृत बछड़े का सिर काटकर गौशाला की दीवार पर टांग दिया गया। मामला सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता का मामला दर्ज कर लिया है।
यह पूरी घटना टीकमगढ़ शहर के बैकुंठी मोहल्ले की बताई जा रही है, जहां सतेन्द्र यादव गाय और भैंस पालकर दूध बेचने का काम करता है। कुछ दिन पहले उसकी गाय का बछड़ा मर गया, जिसके बाद गाय ने दूध देना बंद कर दिया। दूध दोबारा मिलने की लालच में आरोपी ने मृत बछड़े का सिर काटकर गौशाला की दीवार पर टांग दिया, जिसे देखकर गाय दूध देने लगी।
जब इस अमानवीय हरकत की भनक पड़ोसियों को लगी तो उन्होंने इसकी जानकारी बजरंग दल को दी। इसके बाद कार्यकर्ता आरोपी के घर पहुंचे और जमकर हंगामा किया। गुस्साए लोगों ने बछड़े का सिर सड़क पर रखकर रास्ता जाम कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोषी पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर प्रदर्शन शांत हुआ और जाम खुलवाया गया।
कोतवाली पुलिस ने आरोपी सतेन्द्र यादव के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है और गिरफ्तारी की कार्रवाई की बात कही है। वहीं, संबंधित गाय को सुरक्षित रूप से गौशाला भिजवा दिया गया है।

