प्रेम की सनक में मासूम की हत्या प्रेमिका को पाने के लिए 7 साल के बेटे का गला घोंटकर नाले में फेंका आरोपी गिरफ्तार

शहडोल। जिले के धनपुरी से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है जहां प्रेमिका को पाने की सनक में एक युवक इस कदर अंधा हो गया कि उसने मासूमियत का गला घोंट दिया और सात साल के बच्चे को अपने रास्ते की बाधा मानकर बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया।

मामला धनपुरी थाना क्षेत्र का है जहां आरोपी मोइशीन का झिल्ली दफाई क्षेत्र में मजदूरी करने वाली नंदनी कोल से प्रेम संबंध था और वह उसके साथ रहना चाहता था लेकिन उसके दो छोटे बच्चे इस रिश्ते में रुकावट बन रहे थे।

इसी अंधी चाहत में आरोपी ने बच्चों को रास्ते से हटाने की साजिश रची और सबसे पहले सात साल के ऋतिक कोल को निशाना बनाया, मासूम को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और बगैय्या नाला के पास स्थित बंद पड़ी कोयला खदान में उसका गला घोंट दिया।

हत्या के बाद आरोपी ने बच्चे के शव को पानी से भरी खदान में फेंक दिया जिससे मामला और भी दिल दहला देने वाला बन गया, पांच दिनों से लापता बच्चे का शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है, फिलहाल पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

एसडीओपी विकास पाण्डेय का कहना है कि प्रेमिका को पाने की सनक में आरोपी ने उसके बेटे की हत्या कर शव को खदान में फेंक दिया था, मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *