खंडवा। मध्यप्रदेश के खंडवा जिले के पंधाना थाना क्षेत्र की बोरगांव चौकी अंतर्गत ग्राम टाकली कला में जमीन पर कब्जे को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर हिंसक झड़प में बदल गया।
जानकारी के मुताबिक एक आदिवासी परिवार अपने खेत में काम कर रहा था, तभी दूसरी ओर की एक आदिवासी युवती कुछ लोगों को साथ लेकर खेत पर पहुंच गई और आरोप है कि साथ आए लोगों ने खड़ी फसल को नुकसान पहुंचाने के इरादे से दवाई का छिड़काव करने की कोशिश की।
जब खेत में काम कर रही महिलाओं ने इसका विरोध किया तो बात बिगड़ गई और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने महिलाओं पर हमला किया और इसी दौरान एक युवक ने एक महिला को धक्का देकर खेत में गिरा दिया, जिससे मौके पर अफरा तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान महिलाओं के बीच भी हाथापाई हुई और पूरे घटनाक्रम का वीडियो किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

