भोपाल। मध्य प्रदेश में पुलिस भर्ती को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है, आरक्षक भर्ती के लिए 23 फरवरी से शारीरिक दक्षता परीक्षा शुरू होने जा रही है और यह प्रक्रिया प्रदेश के 10 जिलों भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन, सागर, रीवा, बालाघाट, रतलाम और मुरैना में आयोजित की जाएगी।
मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल द्वारा आरक्षक जीडी के कुल 7500 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चलाई जा रही है, इसके तहत 30 अक्टूबर 2025 से 15 दिसंबर 2025 तक ऑनलाइन लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसका परिणाम 25 जनवरी 2026 को घोषित कर दिया गया है।
लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को अब अगले चरण के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन में शामिल होना होगा, जिसमें 800 मीटर दौड़, लंबी कूद, गोला फेंक और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन किया जाएगा, यह पूरी प्रक्रिया 23 फरवरी से 13 मार्च तक चलेगी और हर दिन सुबह 6 बजे से शुरू होगी।
पुलिस भर्ती की चयन प्रक्रिया में पहले लिखित परीक्षा, फिर फिजिकल टेस्ट और उसके बाद दस्तावेज सत्यापन किया जाएगा, परीक्षा का स्तर हाईस्कूल योग्यता के आधार पर रखा गया है और चयनित उम्मीदवारों को आरक्षक यानी कॉन्स्टेबल के पद पर नियुक्ति मिलेगी, जिनका वेतनमान 19,500 से 62,000 रुपये प्रतिमाह निर्धारित किया गया है।


