लखनऊ. नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली अभिनेता मनोज बाजपेयी की आगामी वेब सीरीज ‘घूसखोर पंडत’ के टाइटल को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा था। इसी बीच उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने दावा किया है कि उनके अनुरोध पर भारत सरकार ने इस वेब सीरीज के शीर्षक को हटाने के निर्देश ओटीटी प्लेटफॉर्म को जारी कर दिए हैं।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए इस कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पंडित शब्द विद्वता और त्याग का प्रतीक रहा है और ब्राह्मण समाज का राष्ट्र निर्माण में अहम योगदान रहा है। उनके अनुसार ओटीटी प्लेटफॉर्म पर प्रस्तावित ‘घूसखोर पंडत’ जैसा शीर्षक एक वर्ग विशेष की भावनाओं को आहत करने वाला था, इसलिए उन्होंने भारत सरकार से इस शीर्षक को हटाने का अनुरोध किया था।
ब्रजेश पाठक ने आगे कहा कि भारत सरकार ने उनके अनुरोध को स्वीकार करते हुए ओटीटी प्लेटफॉर्म को इस शीर्षक को हटाने के सख्त निर्देश दिए हैं। साथ ही भविष्य में किसी भी वर्ग विशेष को अनुचित तरीके से दर्शाने वाली टिप्पणियों को फिल्मों, वेब सीरीज या अन्य माध्यमों में शामिल न करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं, ताकि समाज में किसी तरह का विद्वेष न फैले। उन्होंने इस कार्रवाई के लिए भारत सरकार का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस फैसले से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में मदद मिलेगी।

