तंत्र-मंत्र और धर्मांतरण का दबाव, तांत्रिक ने काले जादू से धनवर्षा का झांसा देकर लाखों ठगे, बाद में जान से मारने की धमकी

बड़वानी। बड़वानी शहर के पाटी नाका क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां तांत्रिक क्रियाओं का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने, धर्मांतरण का दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। पीड़ित युवक की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी आसिफ शेख के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम और मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार पीड़ित की मुलाकात आरोपी से पाटी नाका क्षेत्र में हुई थी। आरोपी ने खुद को तांत्रिक क्रियाओं में माहिर बताते हुए काले जादू के जरिए घर में धनवर्षा कराने और जीवन की परेशानियां दूर करने का दावा किया। उसकी बातों में आकर पीड़ित ने अलग-अलग समय पर नकद और ऑनलाइन माध्यम से करीब चार लाख रुपये आरोपी को दे दिए। जब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ और उसने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने उसे धमकाना शुरू कर दिया और धर्मांतरण का दबाव भी बनाने लगा।

कोतवाली टीआई बलजीत सिंह बिसेन ने बताया कि शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले में तांत्रिक झांसे, आर्थिक लेन-देन, धमकी और धर्मांतरण से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और आरोपी से पूछताछ जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *