भोपाल में आर्य समाज मंदिर से महज 29 मीटर पर शराब ठेका, रहवासियों का प्रदर्शन और NHRC सदस्य प्रियंक कानूनगो ने खुद नापी दूरी

भोपाल। राजधानी भोपाल की अरेरा कॉलोनी में एक बार फिर विवाद गहरा गया है जहां आर्य समाज मंदिर के बिल्कुल पास महज 29 मीटर की दूरी पर शराब की दुकान संचालित हो रही है जबकि नियमों के मुताबिक धार्मिक स्थलों से शराब ठेका कम से कम 100 मीटर दूर होना चाहिए। लंबे समय से परेशान रहवासी मंदिर के बाहर सड़क पर उतर आए और शराब ठेका हटाने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।

मौके पर राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के सदस्य डॉ. प्रियंक कानूनगो पहुंचे और उन्होंने खुद इंच टेप लेकर मंदिर और शराब दुकान के बीच की दूरी नापी जिसमें यह केवल 29 मीटर पाई गई। प्रियंक कानूनगो ने कहा कि नियम बिल्कुल स्पष्ट हैं और 100 मीटर की दूरी अनिवार्य है, इसके बावजूद यहां खुलेआम नियमों का उल्लंघन हो रहा है और वे रहवासियों के साथ खड़े हैं तथा इस ठेके को हटवाने के लिए पूरी कोशिश करेंगे।

रहवासियों का कहना है कि एक तरफ श्रद्धालु पूजा-अर्चना करने आते हैं और दूसरी तरफ शराबियों की भीड़ लगती है जो माहौल को खराब करती है और यह पूरी तरह स्थानीय प्रशासन की नाकामी को दर्शाता है। लोगों ने बताया कि पहले भी इस मामले को लेकर एनएचआरसी में शिकायत की गई थी लेकिन आबकारी विभाग ने मंदिर को धार्मिक स्थल नहीं मानने का तर्क देकर कार्रवाई से बचने की कोशिश की थी, अब प्रदर्शन और एनएचआरसी सदस्य की मौजूदगी से मामला और गरमा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *