इंदौर। शहर के एमजी रोड थाना क्षेत्र स्थित जिला पुलिस लाइन में एक दर्दनाक घटना सामने आई है जहां फर्स्ट ईयर में पढ़ने वाली एक कॉलेज छात्रा अपने चाचा के सरकारी क्वार्टर में फंदे पर लटकी मिली और बुधवार देर रात उसकी मौत हो गई, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस के अनुसार दुर्गा कनोजे नाम की छात्रा इंदौर में पदस्थ अपने चाचा के साथ पुलिस लाइन के सरकारी आवास में रहकर पढ़ाई कर रही थी और हाल ही में वह गांव से एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौटी थी, रात में वह अपने कमरे में गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया, काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर गई तो दुर्गा फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली, मौके पर एफएसएल टीम ने जांच की लेकिन प्रारंभिक जांच में कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
एमजी रोड थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेज दिया है और फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है, पुलिस परिजनों से पूछताछ के साथ युवती के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच कर रही है ताकि इस कदम के पीछे की वजह सामने आ सके।

