विकास के नाम पर जनता को मिला सिर्फ धोखा… भाजपा पर अखिलेश यादव का तीखा हमला, कहा लोकतंत्र और भाईचारे के लिए सत्ता से हटाना जरूरी

लखनऊ. समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने विधायकों की बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा पर जोरदार हमला बोला और कहा कि 2027 का चुनाव अब दूर नहीं है, इसलिए पूरी तैयारी के साथ करो या मरो की भावना लेकर मैदान में उतरना होगा ताकि समाजवादी सरकार बनाने का रास्ता साफ किया जा सके।

अखिलेश यादव ने कहा कि लोकतंत्र, भाईचारा और सामाजिक सद्भाव की रक्षा के लिए भाजपा को सत्ता से हटाना वक्त की मांग है, उनका आरोप है कि भाजपा पूरी तरह असत्य के रास्ते पर चल रही है और स्वस्थ राजनीति से उसका कोई लेना-देना नहीं रह गया है, उन्होंने यहां तक कहा कि भाजपा अपराधियों का गैंग बन चुकी है और साजिशों से पीछे नहीं हटती।

उन्होंने आगे कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव बेहद अहम है और भाजपा अपने संसाधनों के दम पर फिर से भ्रम फैलाने की कोशिश करेगी, लेकिन पीडीए की ताकत से भाजपा घबराई हुई है और उत्तर प्रदेश से भाजपा सरकार की विदाई का असर केंद्र की राजनीति तक दिखाई देगा।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा राज में विकास के नाम पर जनता को सिर्फ धोखा मिला है, बच्चों को चॉकलेट और जनता को झुनझुना देकर प्रदेश को बहलाया जा रहा है, उन्होंने यह भी कहा कि बजट का इस्तेमाल आम लोगों के हित में नहीं होता और भाजपा जनता के सामने अपने झूठ को उजागर होने से डरती है।

आर्थिक मुद्दों पर हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा शासन में अर्थव्यवस्था पूरी तरह चौपट हो गई है और अंतरराष्ट्रीय समझौतों का सीधा असर देश के बाजार और किसानों पर पड़ेगा, उनका दावा है कि अमेरिका से होने वाले समझौतों से कृषि क्षेत्र बुरी तरह प्रभावित होगा, दूध, शहद जैसे उत्पाद बाहर से आएंगे, जिससे भारतीय बाजार को नुकसान पहुंचेगा और छोटे किसान तथा लघु व मध्यम उद्योग संकट में घिर जाएंगे, साथ ही उपभोक्ताओं की परेशानियां और बढ़ेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *