मुरैना में जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरी का बड़ा बयान, UGC संशोधन से लेकर हिंदू राष्ट्र पर रखी अपनी बात

मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना में जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरी ने UGC को लेकर बड़ा बयान दिया है और कहा है कि इस मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट ने संज्ञान लिया है और सरकार भी संशोधन चाहती है, ऐसे में जल्द ही इसमें बदलाव की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।

एक दिवसीय प्रवास पर मुरैना पहुंचे महामंडलेश्वर हेलीकॉप्टर से पांचवीं वाहिनी के ग्राउंड पर उतरे और वहीं हेलीपैड पर मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि भारत सरकार भारतीय संस्कृति और सनातन के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है और बीते वर्षों में कई ऐसे काम हुए हैं जो पहले अकल्पनीय माने जाते थे।

उन्होंने धारा 370 हटने का जिक्र करते हुए कहा कि कभी कश्मीर के लाल चौक पर तिरंगा फहराना मुश्किल था, लेकिन आज डल झील में हजारों लोग तिरंगा लेकर निकलते हैं और हजारों बहनें गर्व से झंडा फहराती हैं, यह देश में बदले माहौल का संकेत है।

महामंडलेश्वर ने कहा कि आज भारत सामरिक और आर्थिक ताकत के रूप में उभर रहा है, दुनिया के अर्थशास्त्री मान रहे हैं कि भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और आने वाले समय में तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ सकता है, साथ ही उन्होंने डिजिटल क्रांति और यूपीआई जैसी व्यवस्था का उदाहरण देते हुए कहा कि कई विकसित देश भी भारत के इस मॉडल को अपनाने की इच्छा जता रहे हैं।

उन्होंने मुस्लिम महिलाओं के सम्मान की बात करते हुए तीन तलाक के कानून का उल्लेख किया और कहा कि इससे समाज में भयमुक्त और सहज वातावरण बना है, देश में सांप्रदायिक तनाव कम हुआ है और व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ी है।

आचार्य महामंडलेश्वर ने साफ कहा कि वे सरकार के प्रवक्ता नहीं हैं, लेकिन यह कह सकते हैं कि देश में समरसता की दिशा में काम हुआ है, जातियां इस देश की विविधता का सौंदर्य हैं, लेकिन हम सब एक हिंदू सभ्यता की धारा से जुड़े हैं और एकता के साथ आगे बढ़ने से ही राष्ट्र मजबूत होगा।

हिंदू राष्ट्र के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह हिंदुस्तान है और यहां रहने वाला हर व्यक्ति हिंदुस्तानी है, जैसे अमेरिका में रहने वाले अमेरिकन कहलाते हैं, वैसे ही यहां सभी नागरिक बराबर हैं और सभी जातियों का सम्मान है।

लोकसभा में राहुल गांधी के सरकार पर किए गए हमलों के सवाल पर उन्होंने कहा कि जो एकता और समन्वय की बात करेगा वही आगे बढ़ेगा और देश का विकास उसी रास्ते से संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *