लोकायुक्त का बड़ा एक्शन: जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री वी.ए. सिद्दीकी 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, कटनी में मचा हड़कंप

कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है, जहां लोकायुक्त पुलिस जबलपुर की टीम ने जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री वी.ए. सिद्दीकी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों ट्रैप कर लिया। इस कार्रवाई के बाद न सिर्फ विभाग बल्कि पूरे जिले में हड़कंप की स्थिति बन गई है।

जानकारी के मुताबिक आरोपी अधिकारी ने शिकायतकर्ता से किसी कार्य की अनुमति और योजना से जुड़े काम के बदले कुल 50 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायत मिलने पर लोकायुक्त टीम ने पहले पूरे मामले की गोपनीय जांच की और आरोप सही पाए जाने के बाद सुनियोजित तरीके से ट्रैप ऑपरेशन तैयार किया। जैसे ही तयशुदा 20 हजार रुपये की पहली किस्त आरोपी ने ली, 12 सदस्यीय टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ लिया। रिश्वत की रकम तुरंत जब्त कर ली गई और आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

कार्रवाई के दौरान जल संसाधन विभाग के कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कर्मचारियों में अचानक हलचल तेज हो गई, जबकि लोकायुक्त टीम ने मौके पर ही आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी की। अधिकारियों का कहना है कि आमजन की शिकायतों पर लगातार त्वरित कार्रवाई की जा रही है और भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *