इश्क से जरूरी कुछ नहीं! शादी के दिन प्रेमी संग फरार हुई दुल्हन, फिर छोटी बहन ने संभाली इज्जत

फिरोजाबाद शादी की शहनाइयों और खुशियों के बीच उस वक्त सनसनी फैल गई, जब मंडप सजने से ठीक पहले दुल्हन अपने प्रेमी के साथ नौ दो ग्यारह हो गई। इतना ही नहीं, वह शादी के गहने और नकदी भी अपने साथ ले गई। परिवार की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं और पूरे इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बन गया।

पूरा मामला उत्तर प्रदेश के शिकोहाबाद इलाके का बताया जा रहा है, जहां एक कपड़ा व्यापारी ने अपनी बेटी की शादी हाथरस में तय की थी। घर में मेहमानों की चहल-पहल थी, रिश्तेदार जश्न में डूबे थे, लेकिन शादी वाले दिन अचानक सबकुछ बदल गया। दुल्हन अपने प्रेमी प्रशांत यादव के साथ फरार हो गई और पीछे छोड़ गई हैरान और परेशान परिवार।

बेटी के भाग जाने की खबर मिलते ही परिजनों के होश उड़ गए। सबसे बड़ी चिंता यह थी कि लड़के वालों को क्या जवाब दिया जाए और समाज में क्या मुंह दिखाया जाए। पिता की इज्जत दांव पर लगी थी और माहौल भारी हो चुका था।

इसी बीच दुल्हन की छोटी बहन ने ऐसा फैसला लिया, जिसने सबको चौंका दिया। उसने परिवार की प्रतिष्ठा बचाने के लिए खुद मंडप में बैठने और शादी करने का निर्णय लिया। बड़ी बहन की जगह छोटी बहन ने सात फेरे लिए और शादी संपन्न हुई। वहां मौजूद लोग इस साहसिक फैसले को देखकर दंग रह गए और युवती की जमकर सराहना की।

दूसरी ओर, दुल्हन के पिता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस प्रेमी और फरार युवती की तलाश में जुट गई है। इश्क की इस कहानी ने एक ही दिन में खुशियों को हैरानी में बदल दिया, लेकिन छोटी बहन के फैसले ने परिवार की लाज जरूर बचा ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *