पागल कुत्ते का आतंक, मासूम बच्ची समेत चार लोग घायल, पूरे इलाके में दहशत

बड़वानी। जिले के पाटी नगर में एक पागल कुत्ते ने आतंक मचा दिया है। इस कुत्ते ने मासूम बच्ची सहित चार लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया, जिसके बाद पूरे इलाके में डर का माहौल बन गया है। ग्रामीण दहशत में हैं और पंचायतकर्मी लगातार कुत्ते को पकड़ने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वह हर बार झाड़ियों में छिपकर भाग निकलता है। उसे पकड़ने का प्रयास जारी है ताकि किसी और पर हमला न हो सके।

गंधावल रोड स्थित गायत्री मंदिर परिसर में रहने वाले भय्यू जमरे की बेटी गुंजन अपने घर के आंगन में खेल रही थी, तभी अचानक भूरे रंग का कुत्ता दौड़ता हुआ आया और उसने बच्ची को काट लिया। गुंजन की चीख सुनकर परिजन तुरंत बाहर आए और किसी तरह कुत्ते को भगाया। घायल बच्ची को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज कराया गया।

इसी पागल कुत्ते ने झिदोडी पति थेबड़ा को भी काट लिया और दो अन्य लोगों को भी जख्मी कर दिया। सभी घायलों का इलाज अस्पताल में कराया गया है और फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

पंचायत कर्मचारी गली-मोहल्लों में घूमकर कुत्ते की तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब तक वह पकड़ में नहीं आया है। पंचायत ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, खासकर बच्चों का विशेष ध्यान रखें। बताया जा रहा है कि कुत्ता भूरे रंग का है और अचानक लोगों पर हमला कर रहा है। नगरवासियों से अनुरोध किया गया है कि रात में घर से बाहर न निकलें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें, ताकि किसी बड़ी घटना को टाला जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *