रेलवे टिकट रिफंड के लिए गूगल सर्च पड़ा भारी, महिला शिक्षक के खातों से 4 लाख की ठगी

जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर में ऑनलाइन रेलवे टिकट का रिफंड लेना एक महिला शिक्षक को भारी पड़ गया। साइबर ठगों ने उनसे चार लाख रुपये से अधिक की रकम ठग ली। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक सिविल लाइंस स्थित अप्सरा अपार्टमेंट में रहने वाली नंदिता बोस ने गोवा जाने के लिए रेलवे का ऑनलाइन टिकट बुक किया था। किसी कारणवश टिकट कैंसिल कराने के बाद जब उन्होंने रिफंड के लिए गूगल पर सर्च किया, तो उन्हें एक एनपीसीआई कंप्लेंट साइट दिखाई दी, जहां उन्होंने शिकायत दर्ज कर दी।

कुछ समय बाद महिला को व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को एनपीसीआई का कर्मचारी बताया और रिफंड प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर बैंक खातों की जानकारी मांगी। इतना ही नहीं, ठगों ने उनसे खाते का बैलेंस भी चेक करवाया। बातचीत के दौरान ही महिला के दो अलग-अलग बैंक खातों से करीब सवा चार लाख रुपये निकाल लिए गए।

ठगी का अहसास होने पर महिला ने सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर ठगों की तलाश शुरू कर दी है। यह घटना एक बार फिर चेतावनी देती है कि किसी भी तरह की वित्तीय जानकारी अनजान कॉल या संदिग्ध वेबसाइट पर साझा करने से पहले पूरी सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *