डबरा में बागेश्वर बाबा का दिव्य दरबार, नवग्रह शक्तिपीठ महोत्सव में उमड़ी भीड़, इंस्टाग्राम रील्स पर दी खास सीख

डबरा (ग्वालियर)। मध्य प्रदेश के डबरा में नवग्रह शक्तिपीठ की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के बीच आज दोपहर 12 बजे से बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री दिव्य दरबार लगाने जा रहे हैं। इससे पहले हनुमान कथा के दूसरे दिन कार्यक्रम में फिल्म अभिनेता आशुतोष राणा, मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं।

पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने मंच से नवग्रह शक्तिपीठ महोत्सव की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में बाबा ने महाकुंभ लगाया था और मध्य प्रदेश में भी भव्य आयोजन हो रहा है। उन्होंने अपने अंदाज में कहा कि अगर यूपी में बाबा हैं तो एमपी में दादा भी हैं।

अपने संबोधन में उन्होंने युवाओं को खास संदेश देते हुए कहा कि आजकल इंस्टाग्राम और रील्स के चक्कर में बच्चे अपना भविष्य बर्बाद कर रहे हैं। उन्होंने अपील की कि माता-पिता दिन-रात मेहनत करते हैं ताकि बच्चे पढ़-लिखकर सफल बनें, इसलिए सोशल मीडिया की लत से दूर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि 18 से 25 वर्ष की उम्र बहुत महत्वपूर्ण होती है, इस दौरान यदि युवा संभल जाए तो जीवनभर नहीं बिगड़ता, लेकिन गलत संगति में पड़कर रास्ता भटक सकता है।

इस अवसर पर अभिनेता आशुतोष राणा ने नवग्रह शक्तिपीठ को अद्भुत बताते हुए कहा कि यहां वास्तु का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि मंदिर की संरचना ऐसी है कि एक शिखर की छाया दूसरे पर नहीं पड़ती और सभी ग्रह अपनी पत्नियों के साथ विराजमान हैं। ग्रहों को उनकी प्रकृति के अनुसार धातु और रंग में निर्मित किया गया है, जो इसे विशिष्ट बनाता है। उन्होंने आयोजन के लिए डॉ. नरोत्तम मिश्रा का आभार जताते हुए कहा कि यह डबरा के लिए एक धरोहर है।

ग्वालियर जिले के डबरा में चल रहा यह प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव 20 फरवरी तक चलेगा। इससे पहले कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा यहां शिवमहापुराण कथा कर चुके हैं। इस पूरे आयोजन का जिम्मा पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की ओर से संभाला गया है और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ लगातार यहां उमड़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *