खातेगांव (देवास)। मध्य प्रदेश के देवास जिले के नेमावर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में अचानक मधुमक्खियों का विशाल झुंड घुस आया। उस समय स्कूल में नियमित पढ़ाई के साथ-साथ परीक्षाओं की तैयारी चल रही थी और कक्षाएं पूरी तरह भरी हुई थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मधुमक्खियां तेज रफ्तार से उड़ते हुए कक्षाओं और बरामदों के आसपास मंडराने लगीं। कुछ ही पलों में दहशत का माहौल बन गया। छात्र-छात्राएं घबराकर इधर-उधर भागने लगे। कई बच्चे अपनी जान बचाने के लिए कक्षाओं से बाहर निकल गए, तो कुछ ने डेस्क के नीचे छिपकर खुद को सुरक्षित करने की कोशिश की।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए विद्यालय के प्राचार्य राजेंद्र हथेल ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए बच्चों को शांत रहने के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा के बाद कक्षा 5वीं से 8वीं तक की चल रही परीक्षा को एहतियातन नेमावर के चित्रांश पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल में स्थानांतरित करने का फैसला लिया गया। सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित तरीके से वहां पहुंचाया गया, जहां केंद्राध्यक्ष ओमप्रकाश दुबे की देखरेख में परीक्षा तय समय पर दोबारा शुरू कराई गई।
इस घटना में एक छात्रा और शिक्षक अर्जुन सिंह तोमर मधुमक्खियों के हमले का शिकार हो गए। दोनों को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि शिक्षक तोमर को बेहतर इलाज के लिए हरदा रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि वे एक छात्रा को बचाने की कोशिश में घायल हुए। फिलहाल दोनों की हालत सामान्य बताई जा रही है।
विद्यालय प्रशासन ने नगर परिषद और वन विभाग से संपर्क कर मधुमक्खियों के छत्ते को सुरक्षित हटाने की मांग की है। फिलहाल हालात काबू में हैं और स्कूल की गतिविधियां फिर से सामान्य हो रही हैं, लेकिन एहतियात अभी भी बरती जा रही है। एक सामान्य परीक्षा का दिन, अचानक दहशत में बदल गया, जिसे बच्चों और शिक्षकों की सूझबूझ ने बड़ी घटना बनने से रोक लिया।

