मां, मासूम और मौत का फंदा, दो बेटियों के सामने महिला ने लगाई फांसी, गांव में सनसनी

लखनऊ. एक दिल दहला देने वाली घटना में दो मासूम बेटियों के सामने उनकी मां ने फांसी लगाकर जान दे दी, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मामला माल क्षेत्र के जलौली गांव का है, जहां रहने वाली सीमा ने कथित तौर पर आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मौत के पीछे की असली वजह की जांच शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि सीमा पहले घर से यह कहकर निकली थी कि वह जान दे देगी, लेकिन गांव में ही रहने वाली उसकी बहन उसे समझाकर वापस घर ले आई थी। कुछ देर बाद महिला शौच का बहाना बनाकर फिर घर से निकली और दोनों बेटियां भी उसके पीछे-पीछे चल दीं। महिला गांव के पास एक बाग में पहुंची और फांसी लगाने की कोशिश करने लगी।

अपनी मां को ऐसा करते देख 10 वर्षीय बड़ी बेटी दिव्यांशी पेड़ पर चढ़कर उसे रोकने की कोशिश करने लगी, लेकिन महिला ने उसे धक्का देकर नीचे गिरा दिया। इसके बाद बच्ची घबराकर गांव की ओर दौड़ी और लोगों को सूचना दी। जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचे, महिला फंदे से लटकी मिली।

हालांकि मामले ने नया मोड़ तब ले लिया जब मृतका की मां ने अपने दामाद पर हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया। पुलिस अब हर पहलू से जांच कर रही है कि यह आत्महत्या है या फिर इसके पीछे कोई और सच्चाई छिपी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *