नानी के घर आया था 9 साल का मासूम! कोटा नदी में नहाने के दौरान डूबा, SDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

सतना। सतना जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र के कोटा गांव में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां कोटा नदी में नहाने गया 9 साल का एक मासूम गहरे पानी में डूबने के बाद लापता हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

काफी देर तक तलाश करने के बावजूद रविवार शाम करीब 7 बजे तक बच्चे का कोई पता नहीं चल सका। अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा, जिसके बाद सोमवार सुबह एक बार फिर बच्चे की तलाश शुरू की गई।

लापता बालक की पहचान लवकुश, पिता संत चौधरी, उम्र 9 वर्ष, निवासी पवई, जिला पन्ना के रूप में हुई है। बताया गया है कि लवकुश अपनी नानी के घर कोटा गांव आया हुआ था।

रविवार दोपहर करीब 12 बजे लवकुश गांव के ही एक साथी के साथ कोटा नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह नदी के गहरे हिस्से में पहुंच गया और पानी में डूब गया। उसके साथी ने घटना की जानकारी आसपास के लोगों को दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद SDRF की टीम को बुलाया गया। टीम ने नदी में अलग-अलग जगहों पर बच्चे की तलाश की, लेकिन देर शाम तक कोई सफलता नहीं मिली।

नदी में पानी के बहाव को देखते हुए घटनास्थल से कुछ दूरी पर बने पुल के पास जाल भी लगाया गया है। इसका उद्देश्य यह है कि अगर बच्चा पानी के बहाव में आगे की ओर बहा हो, तो उसे जाल के जरिए रोका जा सके।

पुलिस की मौजूदगी में SDRF की टीम ने देर शाम तक नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह दोबारा रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया गया है।

फिलहाल SDRF की टीम नदी में लवकुश की तलाश में जुटी है और परिवार के लोग भी उसके मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। अब सभी की नजर इस रेस्क्यू ऑपरेशन पर है कि मासूम का पता कब तक चल पाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *