खंडवा। सुरों के जादूगर और हरफनमौला कलाकार किशोर कुमार की 97वीं जयंती पर उनके जन्मस्थान खंडवा में भव्य आयोजन किया गया। गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित किशोर नाइट में बॉलीवुड के प्रसिद्ध गायक विनोद राठौड़ को ‘किशोर कुमार सम्मान’ से सम्मानित किया गया। उन्हें एक लाख रुपये की सम्मान राशि, सम्मान पट्टिका, शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद विनोद राठौड़ ने मंच से किशोर कुमार के लोकप्रिय गीत गाकर उन्हें सुरों भरी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा, “किशोर कुमार जैसा न कोई था और न कोई होगा।” उनकी इस बात पर पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
खंडवा में मनाए जा रहे गौरव दिवस के तहत तीन दिनों तक विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी श्रृंखला में पुरानी कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित किशोर नाइट में बड़ी संख्या में संगीत प्रेमी शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन, नगर निगम और किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जब विनोद राठौड़ ने अपना लोकप्रिय गीत “नायक नहीं, खलनायक हूं मैं” सुनाया तो पूरा माहौल उत्साह से भर गया और दर्शक झूमने लगे।
इस अवसर पर प्रभारी कलेक्टर डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा, विधायक कंचन तनवे, महापौर अमृता यादव, किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच के रणवीर चावला, उद्योगपति राकेश बंसल सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
इससे पहले सुबह विनोद राठौड़ ने खंडवा स्थित किशोर कुमार की समाधि पर पहुंचकर पुष्प अर्पित किए और उनके अमर गीत गाकर अपने प्रिय कलाकार को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। आयोजन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि किशोर कुमार की आवाज़ और उनकी विरासत आज भी करोड़ों दिलों में ज़िंदा है।

