खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले से एक मामला सामने आया है, जहां सरकारी स्कूल की छात्राओं का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। वीडियो में छात्राएं पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील करती नजर आ रही हैं। मामले को गंभीर मानते हुए इंदौर संभागायुक्त ने शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य संदीप यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
यह मामला खंडवा जिले के आदिवासी बहुल खालवा क्षेत्र के ग्राम पटाजन स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में कई छात्राएं हाथों में सोनम वांगचुक की तस्वीर लिए दिखाई दे रही हैं। वीडियो में वे प्रधानमंत्री से अपील करते हुए कह रही हैं कि सोनम वांगचुक की मांगों पर ध्यान दिया जाए और उनका अनशन समाप्त कराया जाए।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि वीडियो रिकॉर्डिंग के समय जयस संगठन से जुड़े अमरसिंह सिलाले भी मौके पर मौजूद थे। प्रशासन के अनुसार, स्कूल परिसर में इस तरह की गतिविधि आयोजित होने को लेकर विद्यालय प्रबंधन की भूमिका की जांच की गई।
मामला सामने आने के बाद हरसूद एसडीएम द्वारा जांच समिति गठित की गई। समिति ने अपनी रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपी, जिसके आधार पर खंडवा कलेक्टर ने कार्रवाई के लिए मामला इंदौर संभागायुक्त के पास भेजा।
जांच रिपोर्ट के आधार पर इंदौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य संदीप यादव को निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि शैक्षणिक संस्थानों में इस प्रकार की गतिविधियों को लेकर निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
फिलहाल, इस कार्रवाई के बाद पूरे मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है और लोग यह जानना चाह रहे हैं कि जांच के अगले चरण में और क्या तथ्य सामने आते हैं।

