स्वतंत्रता दिवस पर CM मोहन यादव करेंगे पुलिसकर्मियों का सम्मान, 47 अधिकारियों-कर्मचारियों को मिलेंगे राष्ट्रपति पदक, देखें पूरी सूची

 भोपाल। मध्यप्रदेश में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पुलिस और होमगार्ड के अधिकारियों-कर्मचारियों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पदक अलंकरण समारोह में कुल 47 अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा और सराहनीय सेवा पदक प्रदान करेंगे।

इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दो सर्वोत्कृष्ट जीवन रक्षा पदक भी प्रदान करेंगे। इसके अलावा पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रपति के 9 विशिष्ट सेवा पदक और 33 सराहनीय सेवा पदक दिए जाएंगे। वहीं होमगार्ड और नागरिक सुरक्षा से जुड़े तीन अधिकारियों-कर्मचारियों को भी सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जाएगा।

पुलिस के 9 अधिकारियों-कर्मचारियों को विशिष्ट सेवा पदक

राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक पाने वालों में लोकायुक्त मध्यप्रदेश के महानिदेशक योगेश देशमुख, बीएसएफ नई दिल्ली में पदस्थ पुलिस महानिरीक्षक मकरंद देऊस्कर, उज्जैन जोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक राकेश गुप्ता और इंदौर के पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह शामिल हैं।

इनके अलावा सागर जोन के पुलिस महानिरीक्षक मिथिलेश कुमार शुक्ला, भोपाल में पदस्थ उप पुलिस महानिरीक्षक अवधेश कुमार गोस्वामी, इंदौर विशेष शाखा के निरीक्षक शिवकुमार पटेल, 25वीं वाहिनी विसबल भोपाल के प्रधान आरक्षक वाल्टर हेनरी एक्का और 7वीं वाहिनी भोपाल के प्रधान आरक्षक देवेंद्र कुमार कौशल को भी विशिष्ट सेवा पदक दिया जाएगा।

33 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को मिलेगा सराहनीय सेवा पदक

राष्ट्रपति के सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित होने वालों में गृह विभाग की कृष्णावेणी देशावतु, आरएपीटीसी इंदौर के धर्मेंद्र सिंह भदौरिया, छतरपुर के उप पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार खत्री, चयन एवं भर्ती शाखा भोपाल के मनोज कुमार राय और ग्वालियर विशेष शाखा के पुलिस अधीक्षक गीतेश कुमार गर्ग शामिल हैं।

इसके अलावा एसटीएफ जबलपुर के पुलिस अधीक्षक एलरिज विनसेन्ट सिंह, लोकायुक्त इंदौर के पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय, लोकायुक्त सागर के पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार राठौर और विशेष शाखा भोपाल के सहायक पुलिस महानिरीक्षक नीरज पांडेय को भी पदक मिलेगा।

सायबर मुख्यालय भोपाल के पुलिस अधीक्षक रूपेश कुमार द्विवेदी, इंदौर की अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सीमा अलावा, छिंदवाड़ा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, ईओडब्ल्यू भोपाल के उप पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह और लोकायुक्त भोपाल के उप पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र सिंह भी सम्मानित होंगे।

इसी सूची में एटीएस मुख्यालय के उप पुलिस अधीक्षक संजय सिंह ठाकुर, एससीआरबी भोपाल की निधि श्रीवास्तव, विशेष शाखा भोपाल के राजू गोराने, उज्जैन जोन की मनीता राय और कई अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हैं।

इनमें निरीक्षक मनोज कुमार दुबे, प्रवीण सिंह, राजेंद्र प्रसाद, प्रवीण पंवार, कुंजेश श्रीवास्तव और प्रेम किशोर व्यास के साथ-साथ उप निरीक्षक उमराव प्रसाद जाटव, संतोष मेहरा, अशोक राव सावंत और महेंद्र सिंह नेगी भी शामिल हैं।

वहीं सहायक उप निरीक्षक राजेंद्र कुमार दुबे, प्रधान आरक्षक श्रीराम मिश्रा, कल्याण सिंह और सुशील कुमार चौबे तथा आरक्षक रवींद्र मिश्रा को भी राष्ट्रपति के सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया जाएगा।

होमगार्ड के तीन जवान भी होंगे सम्मानित

राष्ट्रपति के सराहनीय सेवा के लिए होमगार्ड और नागरिक सुरक्षा पदक से शाजापुर के स्वयंसेवी लांस नायक संतोष कुमार शुक्ला, उज्जैन के स्वयंसेवी सीक्यूएम सुनील कुमार जैन और इंदौर के स्वयंसेवी लांस नायक नरेंद्र अवस्थी को सम्मानित किया जाएगा।

दो लोगों को मिलेगा सर्वोत्कृष्ट जीवन रक्षा पदक

इस समारोह में दो सर्वोत्कृष्ट जीवन रक्षा पदक भी प्रदान किए जाएंगे। इनमें मंदसौर के स्वर्गीय मनोहर सिंह चौहान को मरणोपरांत और दमोह जिले के कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद मिश्रा को यह सम्मान दिया जाएगा।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर होने वाला यह पदक अलंकरण समारोह पुलिस और होमगार्ड के उन अधिकारियों-कर्मचारियों के समर्पण और उत्कृष्ट सेवाओं को सम्मान देने का अवसर होगा, जिन्होंने अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए विभाग और प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *