इंदौर। इंदौर में बढ़ते जल संकट को लेकर कांग्रेस सड़क पर उतर आई है, “हल्ला बोल, पोल खोल” अभियान के तहत शहर कांग्रेस ने मोती तबेला चौराहा और छत्रीबाग इलाके में मटका फोड़कर इंदौर नगर निगम के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया, इस दौरान कार्यकर्ताओं ने खाली मटके फोड़े और जमकर नारेबाजी कर प्रशासन का ध्यान खींचने की कोशिश की
इस प्रदर्शन का नेतृत्व शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव और मध्यप्रदेश राजीव विकास केंद्र के प्रदेश प्रवक्ता मुकेश शाह ने किया, जहां गर्मी की शुरुआत के साथ ही पानी की किल्लत को लेकर लोगों की परेशानी को मुद्दा बनाते हुए निगम पर गंभीर आरोप लगाए गए
कांग्रेस का कहना है कि नगर निगम पूरे महीने का पानी बिल वसूल रहा है, लेकिन सप्लाई सिर्फ 15 दिन ही दी जा रही है, कई इलाकों में नर्मदा पाइपलाइन अभी तक नहीं पहुंची है, जिससे लोगों को मजबूर होकर टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं और अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है
प्रदर्शन के दौरान यह भी आरोप लगाया गया कि भगीरथपुरा, सुदामा नगर, मूसाखेड़ी, बाणगंगा और चंदन नगर जैसे इलाकों में ड्रेनेज लीकेज के कारण गंदा और बदबूदार पानी सप्लाई हो रहा है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा बढ़ रहा है, वहीं यह भी कहा गया कि निगम के टैंकर आम जनता के बजाय होटलों और निर्माण कार्यों में इस्तेमाल किए जा रहे हैं
कांग्रेस ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जल संकट, गंदे पानी की सप्लाई और टैंकरों की कमी का समाधान नहीं किया गया तो इंदौर नगर निगम का उग्र घेराव किया जाएगा, फिलहाल इस प्रदर्शन के बाद शहर की पानी व्यवस्था को लेकर सियासत और तेज हो गई है

