धर्म के नाम पर क्रूरता! मासूम को हाईवे पर छोड़ दर्शन करने निकले दंपति, कोर्ट ने भेजा रिमांड पर

 श्योपुर। धर्म की आड़ में इंसानियत को झकझोर देने वाली एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां सवाई माधोपुर हाईवे किनारे 2 साल की मासूम बच्ची को छोड़कर दंपति दर्शन करने निकल गए, मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है

जांच में सामने आया कि आरोपी दंपति मेहंदीपुर बालाजी जाते समय रास्ते में ही बच्ची को सोंईकलां के पास छोड़कर चले गए थे, घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई और सुरागों के आधार पर टीम को भोपाल भेजा गया

पुलिस ने भोपाल से आरोपी आकाश मूंदड़ा और उसकी पत्नी कृतिका को गिरफ्तार कर लिया, इसके बाद दोनों को श्योपुर लाया गया, जहां उनसे पूछताछ जारी है और कई अहम खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है

जानकारी के मुताबिक दंपति कुछ समय से बच्ची को अपने साथ रखे हुए थे, लेकिन बाद में उसे हाईवे किनारे छोड़ दिया, कोर्ट में पेशी के बाद दोनों को 3 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है, जहां पुलिस पूरे मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है

इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, फिलहाल बच्ची सुरक्षित है और उसके स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है

आरोपियों का दावा है कि उन्होंने बच्ची को गोद लिया था, लेकिन वे यह स्पष्ट नहीं कर पाए कि गोद लेने की प्रक्रिया कहां और कैसे पूरी की गई, यही वजह है कि पुलिस इस मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है

मामले का खुलासा करने में पुलिस को दो बड़े सुराग मिले, एक वह कार जिससे दंपति श्योपुर पहुंचे थे और दूसरा भोपाल की केयरटेकर की जानकारी, इन्हीं इनपुट के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को ट्रेस कर गिरफ्तार किया और अब पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *