महाकाल के दरबार में पहुंचे कैलाश खेर, भस्म आरती में हुए शामिल, बाबा से मांगा देश की खुशहाली का आशीर्वाद

 उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग बाबा महाकालेश्वर के दरबार में देश के जाने-माने पार्श्व गायक कैलाश खेर ने हाजिरी लगाई। उज्जैन पहुंचे कैलाश खेर ने तड़के होने वाली बाबा महाकाल की दिव्य भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया और देशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

सुबह करीब तीन बजे मंदिर पहुंचे कैलाश खेर ने नंदी हॉल में बैठकर भस्म आरती के दर्शन किए। आरती के दौरान वे पूरी तरह बाबा महाकाल की भक्ति में लीन दिखाई दिए। करीब दो घंटे तक चले इस आध्यात्मिक अनुष्ठान में शामिल रहने के बाद उन्होंने नंदी महाराज का पूजन-अभिषेक किया और परंपरा के अनुसार नंदी के कान में अपनी मनोकामना भी कही।

दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से कैलाश खेर का सम्मान किया गया। उन्हें दुपट्टा ओढ़ाकर बाबा महाकाल का स्मृति चिन्ह भेंट किया गया और आदरपूर्वक स्वागत-सत्कार किया गया।

मीडिया से बातचीत के दौरान कैलाश खेर ने उज्जैन की आध्यात्मिक महिमा का उल्लेख करते हुए बाबा महाकाल के प्रति अपनी गहरी श्रद्धा व्यक्त की। उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों की भी सराहना की।

कैलाश खेर ने कहा कि भारत के कोने-कोने से हर दिन हजारों श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन के लिए पहुंचते हैं और इतनी बड़ी संख्या में आने वाले भक्तों को सुचारु रूप से दर्शन कराना आसान काम नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसी उत्कृष्ट व्यवस्था और अद्भुत ऊर्जा केवल राजाधिराज महाकाल के दरबार में ही देखने को मिलती है। बाबा महाकाल की नगरी में बिताए गए इन पलों को उन्होंने अपने लिए बेहद सौभाग्यपूर्ण और आध्यात्मिक अनुभव बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *