इंस्टाग्राम पर हुआ प्यार, मंडप में बदल गया दूल्हा! फेरों से पहले दुल्हन ने रोकी शादी, फिर शादी समारोह बना रणभूमि

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के शाहाबाद में एक शादी समारोह उस वक्त हंगामे में बदल गया, जब दुल्हन ने फेरों से ठीक पहले शादी करने से इनकार कर दिया। दुल्हन का आरोप था कि जिससे उसकी शादी तय हुई थी, मंडप में उसकी जगह कोई दूसरा युवक दूल्हा बनकर पहुंच गया। इसके बाद शादी का माहौल देखते ही देखते जंग के मैदान में बदल गया और बाराती व घराती आपस में भिड़ गए। मामला इतना बढ़ गया कि पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा।

बताया जा रहा है कि युवती प्रिया वाजपेई की मुलाकात इंस्टाग्राम पर मध्य प्रदेश के राहुल मिश्रा नाम के युवक से हुई थी। राहुल ने खुद को आर्मी में तैनात बताया था। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और फिर मुलाकातों के बाद शादी तय हो गई। लेकिन कहानी में बड़ा ट्विस्ट तब आया जब शादी के दिन राहुल मिश्रा की जगह देवेंद्र परमार बारात लेकर पहुंच गया।

दुल्हन ने जैसे ही नए युवक को देखा, उसने तुरंत शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया और बात मारपीट तक पहुंच गई। शादी का मंडप देखते ही देखते हंगामे में बदल गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया।

इस मामले में दूल्हा बने देवेंद्र परमार समेत कई लोगों पर धोखाधड़ी, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने देवेंद्र परमार और उसके साथ आए कुछ बारातियों को गिरफ्तार भी कर लिया है।

वहीं देवेंद्र का कहना है कि प्रिया से उसी की बातचीत होती थी और उसे समझ नहीं आ रहा कि अब अचानक वह ऐसा क्यों कर रही है। दूसरी तरफ सबसे बड़ा सवाल अब भी बना हुआ है कि असली राहुल मिश्रा आखिर है कौन? जो युवक दुल्हन से मिलने आता था वह कौन था? और शादी की तारीख व लड़की का नंबर देवेंद्र तक कैसे पहुंचा?

बताया जा रहा है कि प्रिया वाजपेई के माता-पिता का निधन हो चुका है और वह अपने चाचा के साथ रहती है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सोशल मीडिया से लेकर कॉल डिटेल तक खंगाले जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *