ट्विशा केस में बड़ा खुलासा! 80 किलो के डमी से होगा सीन रिक्रिएशन, आरोपियों को घर ले जाएगी CBI

भोपाल। राजधानी भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले की जांच अब और तेज हो गई है। केस की गुत्थी सुलझाने में जुटी सीबीआई अब घटनास्थल पर सीन रिक्रिएशन करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए मुख्य आरोपी समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह को उनके घर ले जाया जाएगा, जहां पूरी घटना को दोबारा दोहराकर जांच की जाएगी।

जानकारी के मुताबिक सीबीआई यह जानने की कोशिश करेगी कि जिस तरह की कहानी आरोपियों ने बताई है, क्या वह घटनास्थल की परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों से मेल खाती है या नहीं। जांच के दौरान करीब 80 किलो वजन के डमी पुतले का इस्तेमाल किया जाएगा, जिसे फंदे पर लटकाकर पूरी प्रक्रिया को दोहराया जाएगा।

सीबीआई खास तौर पर उस दावे की जांच करेगी जिसमें समर्थ सिंह ने कहा था कि उसने ट्विशा को फंदे से नीचे उतारा था, जबकि उसकी मां गिरिबाला सिंह ने फंदे की गांठ खोली थी। अब जांच एजेंसी दोनों से घटनास्थल पर वही प्रक्रिया दोबारा करवाएगी और देखेगी कि यह दावा कितना व्यावहारिक और संभव है।

जांच का एक अहम हिस्सा उस बेल्ट की भी पड़ताल होगी, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर फंदे के रूप में किया गया था। सीबीआई यह भी जांच करेगी कि बेल्ट कितना वजन सहन कर सकती है और क्या वह परिस्थितियां वास्तव में संभव थीं, जैसा कि आरोपियों ने बताया है।

गौरतलब है कि 11 और 12 मई की दरम्यानी रात ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण फांसी बताया गया था, लेकिन परिजनों ने इस पर गंभीर सवाल उठाए थे। उनका आरोप है कि मृतका के शरीर पर मौजूद चोटों के निशानों का सही उल्लेख नहीं किया गया और जांच को प्रभावित करने की कोशिश हुई।

अब सीबीआई की सीन रिक्रिएशन प्रक्रिया इस हाई-प्रोफाइल मामले में कई अहम सवालों के जवाब तलाशने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। आने वाले दिनों में इस जांच से जुड़े और भी महत्वपूर्ण खुलासे सामने आ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *