भोपाल पहुंचे अमित शाह! CM मोहन यादव और BJP प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने एयरपोर्ट पर किया स्वागत, आज कई बड़े कार्यक्रम
भोपाल। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर को मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल पहुंचे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।
अमित शाह के भोपाल आगमन को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उनके दौरे के दौरान कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।
BHEL दशहरा मैदान में राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का शुभारंभ
अमित शाह भोपाल के भेल दशहरा मैदान में न्याय संहिता पर केंद्रित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद वे राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
सम्मेलन में प्रदेश में दुग्ध उत्पादन और पशुपालन से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गोपालकों के शामिल होने की जानकारी है।
IISER के ‘अत्रि’ परिसर का करेंगे शिलान्यास
केंद्रीय मंत्री अमित शाह भौंरी स्थित भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (IISER) के विस्तारित ‘अत्रि’ परिसर का शिलान्यास भी करेंगे।
इसी परिसर में स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण भी उनके द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम के जरिए शिक्षा, विज्ञान और युवा विकास से जुड़े संस्थागत प्रयासों को रेखांकित किया जाएगा।
अमित शाह के इस दौरे को लेकर भाजपा संगठन और प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित प्रदेश के वरिष्ठ नेता और अधिकारी उनके विभिन्न कार्यक्रमों में मौजूद रहेंगे।