गांधी-शास्त्री जयंती पर CM मोहन यादव का बड़ा बयान! बोले- मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत की ओर बढ़ रहा देश, कैप्टन स्मित के साहस को भी किया सलाम
भोपाल। भोपाल में 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दोनों महान नेताओं को नमन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का लोकतंत्र दुनिया में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महात्मा गांधी के स्वदेशी विचार को आगे बढ़ाते हुए देश को आत्मनिर्भरता की दिशा में ले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘मेक इन इंडिया’ और ‘मेड इन इंडिया’ की भावना के साथ स्वदेशी को बढ़ावा देकर आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को आगे बढ़ाया जा रहा है।
कांग्रेस के शासनकाल पर भी CM ने साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक देश पर शासन किया, लेकिन उनके अनुसार उस दौरान अंग्रेजों की सोच और व्यवस्थाओं की विरासत को आगे बढ़ाया गया। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश स्वदेशी और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
डॉ. यादव ने कहा कि 2 अक्टूबर का दिन इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इसी दिन देश आजादी के दो प्रमुख नेताओं महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाता है।
कैप्टन स्मित मछार के साहस को किया याद
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारतीय मूल के पायलट कैप्टन स्मित मछार के साहस का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यात्री विमान से जुड़ी घटना के दौरान कैप्टन स्मित ने यात्रियों की जान बचाने के लिए अदम्य साहस दिखाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कैप्टन स्मित मछार के इस साहस से हर भारतीय का सिर गर्व से ऊंचा हुआ है। उन्होंने उनके साहस, शौर्य और मानवता की भावना को नमन करते हुए उन्हें बधाई दी। मुख्यमंत्री के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कैप्टन स्मित मछार को बधाई दी है।
MP में नशामुक्ति और विकास पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल आ रहे हैं। उनके कार्यक्रम के दौरान गोपालक सम्मेलन के माध्यम से दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने और युवाओं के कौशल विकास से जुड़े प्रयासों को प्रोत्साहन मिलने की बात कही।
डॉ. मोहन यादव ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के उद्घाटन सहित विभिन्न विकास कार्यों की सौगात भी प्रदेश को मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में मध्यप्रदेश नक्सलमुक्त होने की दिशा में आगे बढ़ा है। उन्होंने दावा किया कि अब प्रदेश नशामुक्ति की दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।