MP के पूर्व विधायक रामप्रताप सिंह का निधन! कैंसर से जूझ रहे थे, नर्मदा जल के लिए जिंदगीभर लड़ते रहे

MP के पूर्व विधायक रामप्रताप सिंह का निधन! कैंसर से जूझ रहे थे, नर्मदा जल के लिए जिंदगीभर लड़ते रहे
सतना/भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व विधायक रामप्रताप सिंह का निधन हो गया है। वे लंबे समय से कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे और दिल्ली के राजीव गांधी कैंसर रिसर्च सेंटर में उनका इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान उन्होंने 80 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली।
रामप्रताप सिंह का राजनीतिक और सामाजिक जीवन लंबे समय तक सतना जिले से जुड़ा रहा। उन्होंने जनप्रतिनिधि के तौर पर कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं और क्षेत्र की समस्याओं को लेकर सक्रिय रहे।
तीन बार विधायक रहे रामप्रताप सिंह
रामप्रताप सिंह का जन्म 3 अक्टूबर 1946 को हुआ था। अपने लंबे राजनीतिक सफर के दौरान वे दो बार जनपद अध्यक्ष रहे। इसके अलावा जिला सहकारी बैंक के उपाध्यक्ष और अपेक्स बैंक के संचालक जैसे पदों पर भी उन्होंने जिम्मेदारी संभाली।
उन्होंने 1985 और 1990 में सतना जिले की नागौद विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतकर विधायक का कार्यकाल पूरा किया। इसके बाद वर्ष 1998 में कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने पर उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा और विधायक चुने गए।
नर्मदा का पानी सतना लाने के लिए चलाया आंदोलन
रामप्रताप सिंह की पहचान सतना क्षेत्र में नर्मदा नदी का पानी लाने की मांग को लेकर किए गए लंबे संघर्ष के लिए भी रही। उन्होंने क्षेत्र में नर्मदा जल पहुंचाने की मांग को लेकर कई आंदोलन किए।
विधायक रहते हुए भी उन्होंने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया और सरकार के सामने लगातार मांग रखी। इसी उद्देश्य को लेकर उन्होंने ‘नर्मदा लाओ संघर्ष समिति’ का गठन भी किया था।
रामप्रताप सिंह ने सतना में नर्मदा का पानी लाने के लिए लंबे समय तक अभियान चलाया, लेकिन उनका यह सपना पूरा नहीं हो सका। उनके निधन की खबर से समर्थकों और क्षेत्र के लोगों में शोक का माहौल है।

लेखक के बारे में

KSTV Desk

View all posts by KSTV Desk →