पटवारियों की बल्ले-बल्ले! 1050 को मिलेगा प्रमोशन, अब बनेंगे राजस्व निरीक्षक
भोपाल। मध्य प्रदेश के पटवारियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। प्रदेश सरकार करीब 1050 पटवारियों को प्रमोशन देकर राजस्व निरीक्षक (आरआई) बनाने की तैयारी में है। लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे पटवारियों के लिए इसे बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है। पदोन्नति की प्रक्रिया को लेकर राजस्व विभाग और भू-संसाधन प्रबंधन ने प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पात्र पटवारियों की जानकारी जुटाने के निर्देश
राजस्व निरीक्षक के पद पर पदोन्नति के लिए प्रदेश के सभी जिलों से पात्र पटवारियों की जानकारी मांगी गई है। भू-संसाधन प्रबंधन की ओर से सभी कलेक्टरों को पत्र जारी कर संबंधित पटवारियों की सेवा से जुड़े दस्तावेज और रिकॉर्ड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रमोशन प्रक्रिया के लिए 50 वर्ष से कम आयु वाले पटवारियों की सूची तैयार की गई है। अब संबंधित जिलों के कलेक्टरों से इन पटवारियों का सर्विस रिकॉर्ड, विभागीय जांच से जुड़ी जानकारी और गोपनीयता प्रतिवेदन यानी सीआर मांगा गया है। दस्तावेजों की जांच के बाद पात्र कर्मचारियों की पदोन्नति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
प्रमोशन से बढ़ेगी जिम्मेदारी और अधिकार
पटवारी से राजस्व निरीक्षक बनने के बाद कर्मचारियों के पद और जिम्मेदारियों में इजाफा होगा। इसके साथ ही राजस्व से जुड़े कामकाज, सीमांकन और अन्य प्रशासनिक कार्यों में भी उनकी भूमिका बढ़ जाएगी।
सरकार की ओर से शुरू की गई इस प्रक्रिया से उन पटवारियों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे थे। विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र पटवारियों को राजस्व निरीक्षक के पद पर पदोन्नत किए जाने का रास्ता साफ होगा।