अवैध शराब ने बिगाड़े घर तो सड़क पर उतरीं आदिवासी महिलाएं! आबकारी दफ्तर का घेराव, 12 संदिग्ध तस्करों की सूची सौंपी

अवैध शराब ने बिगाड़े घर तो सड़क पर उतरीं आदिवासी महिलाएं! आबकारी दफ्तर का घेराव, 12 संदिग्ध तस्करों की सूची सौंपी
नर्मदापुरम। जिले के सोहागपुर ब्लॉक के ग्रामीण इलाकों में अवैध शराब की बिक्री को लेकर आदिवासी महिलाओं का गुस्सा सड़क पर उतर आया। 50 से अधिक महिलाएं जिला आबकारी कार्यालय पहुंचीं और अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने की मांग को लेकर प्रदर्शन करते हुए कार्यालय का घेराव किया।
महिलाओं ने आबकारी अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर गांवों में बिक रही अवैध देशी और कच्ची शराब की बिक्री व सप्लाई पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
जमुनिया से बंगाली टोला तक अवैध शराब की शिकायत
प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि सोहागपुर ब्लॉक के जमुनिया, सेमरी हरचंद, झालोन और सोहागपुर के बंगाली टोला सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री की शिकायत लगातार सामने आ रही है।
महिलाओं के मुताबिक शराब आसानी से उपलब्ध होने के कारण युवा भी नशे की चपेट में आ रहे हैं। उनका दावा है कि इसका असर परिवारों की आर्थिक स्थिति के साथ-साथ घरेलू माहौल पर भी पड़ रहा है और आए दिन विवाद की स्थिति बन रही है।
‘गांव-गांव बिक रही कच्ची शराब’
जमुनिया निवासी सुषमा बाई ने बताया कि बाहर से लाई जा रही कच्ची शराब गांवों में बेची जा रही है। उन्होंने कहा कि उनके परिवार के सदस्य भी शराब की समस्या से प्रभावित हैं।
महिलाओं का कहना है कि अवैध शराब को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन उनके अनुसार समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। इसी वजह से इस बार बड़ी संख्या में महिलाएं एकजुट होकर आबकारी कार्यालय पहुंचीं।
आबकारी अधिकारी को सौंपी करीब एक दर्जन नामों की सूची
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने आबकारी विभाग को करीब एक दर्जन संदिग्ध शराब तस्करों के नामों की सूची भी सौंपी। महिलाओं ने अधिकारियों से मांग की कि सूची में शामिल लोगों और अवैध शराब के संभावित ठिकानों की जांच कर कार्रवाई की जाए।
जिला आबकारी अधिकारी डॉ. राजीव द्विवेदी ने प्रदर्शनकारी महिलाओं से चर्चा की और उनकी शिकायत सुनी। उन्होंने बताया कि महिलाओं की ओर से करीब एक दर्जन संदिग्ध लोगों की सूची प्राप्त हुई है।
अधिकारी ने विशेष टीम भेजकर चिन्हित स्थानों और नामजद लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने का भरोसा दिया।
महिलाओं ने कहा- कार्रवाई नहीं हुई तो फिर करेंगे प्रदर्शन
महिलाओं ने आबकारी विभाग से मांग की कि केवल छिटपुट कार्रवाई के बजाय अवैध शराब की सप्लाई के स्रोत और बिक्री के ठिकानों पर प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि गांवों में शराब की उपलब्धता पर रोक लग सके।
फिलहाल आबकारी विभाग ने शिकायत के आधार पर जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब देखना होगा कि चिन्हित लोगों और बताए गए ठिकानों पर विभाग की टीम क्या कार्रवाई करती है।

लेखक के बारे में

KSTV Desk

View all posts by KSTV Desk →