सीधी में बस स्टैंड शिफ्टिंग पर बवाल! धरने पर बैठे फुटकर व्यापारी, कांग्रेस नेता बोले- ‘जिला कांग्रेस को चुल्लू भर पानी में डूब मरना चाहिए’

सीधी में बस स्टैंड शिफ्टिंग पर बवाल! धरने पर बैठे फुटकर व्यापारी, कांग्रेस नेता बोले- ‘जिला कांग्रेस को चुल्लू भर पानी में डूब मरना चाहिए’
सीधी। मध्यप्रदेश के सीधी जिले में सोनांचल बस स्टैंड को नए स्थान पर शिफ्ट करने के फैसले को लेकर विरोध तेज हो गया है। बस स्टैंड से जुड़े आधा सैकड़ा से अधिक फुटकर व्यापारी, मनिहारी दुकानदार और फेरी लगाने वाले लोग अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं। आंदोलन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हैं।
व्यापारियों का कहना है कि बस स्टैंड के दूसरी जगह चले जाने से उनकी रोजी-रोटी पर असर पड़ेगा। उनका दावा है कि बसों का आवागमन बंद होने से यात्रियों की आवाजाही भी प्रभावित होगी और छोटे दुकानदारों की आय का प्रमुख साधन खत्म हो जाएगा।
3 दिन का अल्टीमेटम, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
धरने की जानकारी मिलने के बाद तहसीलदार मौके पर पहुंचे और आंदोलनकारियों से ज्ञापन लिया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए मांग की है कि सोनांचल बस स्टैंड से ही बसों का संचालन दोबारा शुरू किया जाए।
व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं प्रशासन की ओर से फिलहाल बस संचालन को नए स्थान पर करने के फैसले में बदलाव के संकेत नहीं दिए गए हैं।
कांग्रेस नेता ने अपनी ही पार्टी पर साधा निशाना
धरना स्थल पर पहुंचे मध्यप्रदेश कांग्रेस एससी प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश संयोजक सुनील चौधरी ने इस मुद्दे पर जिला कांग्रेस की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय अर्जुन सिंह के कार्यकाल में बना यह बस स्टैंड अब हटाया जा रहा है, लेकिन स्थानीय कांग्रेस नेता आंदोलन से दूरी बनाए हुए हैं।
इसी दौरान सुनील चौधरी ने जिला कांग्रेस को लेकर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि उसे ‘चुल्लू भर पानी में डूब मरना चाहिए।’ उनका कहना था कि कांग्रेस को छोटे दुकानदारों और गरीब वर्ग के साथ खड़ा होना चाहिए।
वहीं धरना स्थल पर पहुंचे कांग्रेस के पूर्व जिला उपाध्यक्ष आकाश सिंह रिंकू ने दुकानदारों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गरीबों के साथ है और वे व्यापारियों की इस लड़ाई में उनके साथ खड़े रहेंगे।
प्रशासन बोला- छोटे दुकानदारों को नहीं हटाया जा रहा
मामले में सीधी एसडीएम प्रिया पाठक ने प्रशासन का पक्ष स्पष्ट किया है। उनका कहना है कि बस स्टैंड का संचालन नए स्थान से करने का निर्णय प्रशासनिक और सामूहिक प्रक्रिया के तहत लिया गया है।
एसडीएम के मुताबिक, छोटे दुकानदारों को वहां से हटाने का फैसला नहीं किया गया है। केवल बसों के आवागमन को नए बस स्टैंड से संचालित किया जाना तय हुआ है।
व्यापारियों और प्रशासन के बीच टकराव के आसार
एक तरफ फुटकर व्यापारी पुराने बस स्टैंड से ही बसों का संचालन जारी रखने की मांग पर अड़े हैं, वहीं प्रशासन नए स्थान से बस संचालन के फैसले पर कायम है। ऐसे में तीन दिन के अल्टीमेटम के बाद आंदोलन किस दिशा में जाता है, इस पर सभी की नजर है।

लेखक के बारे में

KSTV Desk

View all posts by KSTV Desk →