बाबा महाकाल की भक्ति में डूबे सुरेश रैना! पत्नी संग भस्म आरती में हुए शामिल, मांगी देश की खुशहाली
उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकाल के दरबार में रविवार तड़के पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना अपनी पत्नी के साथ पहुंचे। दोनों ने भगवान श्री महाकालेश्वर की प्रातःकालीन भस्म आरती में शामिल होकर बाबा महाकाल के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया।
करीब दो घंटे नंदी हॉल में बैठे रैना
जानकारी के अनुसार, सुरेश रैना तड़के महाकाल मंदिर पहुंचे। उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर करीब दो घंटे तक भस्म आरती के दिव्य और अलौकिक दर्शन किए। इस दौरान रैना पूरी तरह भक्ति के रंग में रंगे नजर आए और श्रद्धा के साथ बाबा महाकाल की आराधना की।
मंदिर समिति ने किया स्वागत और सम्मान
भस्म आरती संपन्न होने के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर समिति की ओर से सुरेश रैना का स्वागत और सम्मान किया गया। मंदिर की धार्मिक परंपराओं के अनुसार उन्हें बाबा महाकाल का प्रसाद भी भेंट किया गया।
देश की समृद्धि और लोक-कल्याण की कामना
बाबा महाकाल के दर्शन और पूजन के बाद सुरेश रैना ने देश की समृद्धि और लोक-कल्याण की कामना की। उज्जैन प्रवास के दौरान उनका पूरा समय बाबा महाकाल की भक्ति और आराधना में बीता।