इंदौर के ‘घंटा’ के बाद सुसनेर में ‘घंटी’! कैलाश विजयवर्गीय के बयान से मचा सियासी बवाल, कांग्रेस बोली- वोटरों को डरा रहे मंत्री

इंदौर के ‘घंटा’ के बाद सुसनेर में ‘घंटी’! कैलाश विजयवर्गीय के बयान से मचा सियासी बवाल, कांग्रेस बोली- वोटरों को डरा रहे मंत्री
आगर मालवा। सुसनेर नगर परिषद अध्यक्ष पद के उपचुनाव के बीच चुनावी माहौल गरमा गया है। प्रचार के आखिरी दौर में मध्यप्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का एक बयान चर्चा का विषय बन गया है। भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में सुसनेर पहुंचे विजयवर्गीय ने विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए ‘घंटी’ का जिक्र किया। उनके बयान का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
‘भाजपा जीतेगी तो विकास, कांग्रेस आई तो घंटी’
सभा को संबोधित करते हुए कैलाश विजयवर्गीय ने केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी जीतकर विकास कार्यों के प्रस्ताव लेकर आता है तो उन्हें मंजूरी दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
इसी दौरान कांग्रेस प्रत्याशी का जिक्र करते हुए विजयवर्गीय ने ‘घंटी मिलने’ और ‘घंटी बजने’ की बात कही। उन्होंने जनता के सामने विकास और ‘घंटी’ के बीच चुनाव करने जैसा सवाल रखा। इसी हिस्से का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इंदौर के ‘घंटा’ के बाद अब सुसनेर की ‘घंटी’
विजयवर्गीय के इस बयान की चर्चा इसलिए भी तेज है क्योंकि इसी साल इंदौर में उनके एक अलग बयान में ‘घंटा’ शब्द को लेकर विवाद हुआ था। उस बयान के बाद कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन भी किया था।
अब सुसनेर के चुनावी मंच से ‘घंटी’ का जिक्र सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर दोनों बयानों को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
कांग्रेस ने लगाया वोटरों को डराने का आरोप
विजयवर्गीय के बयान पर कांग्रेस की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता गुड्डू लाला ने आरोप लगाया कि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय वोटरों को डराने का काम कर रहे हैं। कांग्रेस ने उनके बयान को लेकर आपत्ति जताई है।
वहीं, सुसनेर नगर परिषद अध्यक्ष पद के उपचुनाव में भाजपा के प्रदीप सोनी और कांग्रेस के विष्णु पाटीदार आमने-सामने हैं।
आज वोटिंग, 3 अक्टूबर को आएगा परिणाम
सुसनेर नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए मतदान 29 सितंबर को हो रहा है। नगर परिषद के 15 वार्डों में कुल 13,843 मतदाता हैं। मतगणना 3 अक्टूबर को होगी। अब चुनावी मंच से सामने आए ‘घंटी’ वाले बयान का असर स्थानीय राजनीतिक चर्चा में कितना दिखाई देता है, यह चुनाव परिणाम के साथ ही स्पष्ट होगा।

लेखक के बारे में

KSTV Desk

View all posts by KSTV Desk →