दतिया उपचुनाव से पहले निर्वाचन आयोग का बड़ा फैसला, 7 पुलिस अधिकारियों का तबादला, निष्पक्ष चुनाव पर जोर

मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव से पहले भारत निर्वाचन आयोग ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से आयोग के निर्देश पर दतिया जिले में पदस्थ 7 पुलिस अधिकारियों का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया गया है।

निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, एक निरीक्षक और छह उप निरीक्षकों को उनके वर्तमान पदों से हटाया गया है। इनमें से तीन थाना प्रभारियों को पुलिस मुख्यालय से संबद्ध किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। उनकी जगह अन्य जिलों से अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, ताकि चुनावी प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार के पक्षपात या प्रभाव की आशंका को समाप्त किया जा सके।

आदेश के तहत अजाक थाना, सिविल लाइन, बड़ौनी, जिगना, गोराघाट और धीरपुरा सहित कई थानों में नए अधिकारियों की पदस्थापना की गई है। निर्वाचन आयोग का मानना है कि मतदान से पहले प्रशासनिक फेरबदल से मतदाताओं के बीच विश्वास बढ़ेगा और चुनाव स्वतंत्र एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न हो सकेंगे।

गौरतलब है कि दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होना है, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद नतीजों की घोषणा की जाएगी। मतदान से ठीक पहले हुई इस कार्रवाई को आयोग का बड़ा और अहम फैसला माना जा रहा है।

दतिया उपचुनाव पहले से ही प्रदेश की राजनीति का केंद्र बना हुआ है। ऐसे में निर्वाचन आयोग की यह कार्रवाई साफ संकेत देती है कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी तरह की लापरवाही या संदेह की गुंजाइश नहीं छोड़ी जाएगी। अब देखना होगा कि इस प्रशासनिक बदलाव का चुनावी माहौल और मतदान प्रक्रिया पर क्या असर पड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *