उत्तर प्रदेश के उत्तर प्रदेश में एक सनसनीखेज वारदात ने सबको हैरान कर दिया है। प्यार, जो कभी साथ जीने-मरने की कसमें दिलवाता है, वही आखिरकार खून-खराबे में बदल गया। कलवारी थाना क्षेत्र के बैडारी एहतमाली गांव में एक युवक ने अपनी ही प्रेमिका को सोते समय गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया और मौके से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि गोली चलने की आवाज सुनकर युवती की मां मौके पर पहुंची तो आरोपी ने उन पर भी बंदूक तान दी और फिर वहां से भाग निकला। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक और युवती के बीच प्रेम संबंध था, लेकिन कुछ समय से दोनों के बीच अनबन चल रही थी। युवती ने दूरी बना ली थी, जिससे नाराज होकर आरोपी ने कुछ महीने पहले युवती की आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दी थीं। इस मामले में परिजनों ने केस दर्ज कराया था और तभी से युवक फरार चल रहा था।
बताया जा रहा है कि बदले की भावना से आरोपी दोबारा गांव लौटा और मौका पाकर अपनी प्रेमिका को गोली मार दी। अब पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। प्यार की यह कहानी एक दर्दनाक अंजाम तक पहुंच गई, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है।

