भोपाल। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले स्थित बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की प्रस्तावित ‘हिंदू राष्ट्र यात्रा’ को लेकर प्रदेश में राजनीतिक और सामाजिक बयानबाजी तेज हो गई है। आजाद समाज पार्टी के नेता दामोदर यादव ने इस यात्रा को लेकर विरोध जताते हुए अपनी अलग यात्रा निकालने की चेतावनी दी है।
दामोदर यादव ने कहा है कि अगर 11 अक्टूबर को धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की ‘हिंदू राष्ट्र यात्रा’ निकाली जाती है, तो इसके जवाब में वह 14 अक्टूबर से ‘बहुजन राष्ट्र यात्रा’ निकालेंगे।
दामोदर यादव ने धीरेंद्र शास्त्री की यात्रा के समय और स्थान को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि यात्रा के जरिए राजनीति चमकाने की कोशिश की जा रही है। उनका कहना है कि अगर धीरेंद्र शास्त्री को यात्रा निकालनी ही है, तो उन्हें दिल्ली जाना चाहिए, बुंदेलखंड से ही यात्रा क्यों निकाली जा रही है।
इस मामले को लेकर दामोदर यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और राज्य के पुलिस महानिदेशक यानी DGP को पत्र लिखकर शिकायत किए जाने की बात भी कही है।
दामोदर यादव का विरोध सिर्फ धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों पर भी निशाना साधा। उन्होंने दोनों पार्टियों को लेकर ‘नागनाथ’ जैसी टिप्पणी की।
अब धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की प्रस्तावित यात्रा और उसके जवाब में दामोदर यादव की ओर से घोषित ‘बहुजन राष्ट्र यात्रा’ को लेकर मध्य प्रदेश में राजनीतिक और सामाजिक माहौल गरमाता नजर आ रहा है। आगे दोनों यात्राओं को लेकर प्रशासन की क्या भूमिका रहती है और दामोदर यादव की घोषणा पर क्या कदम उठाया जाता है, इस पर सभी की नजर रहेगी।

