मध्य प्रदेश में आवारा कुत्तों का बढ़ता आतंक, भोपाल में डॉग लवर्स के खिलाफ प्रदर्शन और खरगोन में बुजुर्ग महिला पर कुत्तों के झुंड का हमला

भोपाल। मध्य प्रदेश में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है और अब यह लोगों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन चुका है। राजधानी भोपाल में डॉग बाइट के बढ़ते मामलों को लेकर रहवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने डॉग लवर्स के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की।

भोपाल के करोंद इलाके में स्थित मैपल ट्री सोसाइटी के रहवासी आवारा कुत्तों के आतंक से परेशान होकर सड़कों पर उतर आए। उनका कहना है कि सोसाइटी में लगातार डॉग बाइट की घटनाएं हो रही हैं और लोग डर के माहौल में जीने को मजबूर हैं। रहवासियों का आरोप है कि डॉग लवर्स के दबाव के कारण पुलिस भी सख्त कार्रवाई नहीं कर पाती।

प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि डॉग बाइट के बढ़ते मामलों के लिए डॉग लवर्स भी जिम्मेदार हैं, क्योंकि वे आवारा कुत्तों को सोसाइटी के आसपास खाना खिलाते हैं, जिससे उनकी संख्या बढ़ती जा रही है। रहवासियों का आरोप है कि जब वे इसकी शिकायत करते हैं तो डॉग लवर्स उनके खिलाफ झूठी शिकायतें और एफआईआर दर्ज करा देते हैं। लोगों का कहना है कि अब सोसाइटी में आवारा कुत्तों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि बच्चों और बुजुर्गों का बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है।

इधर खरगोन से भी एक डराने वाली घटना सामने आई है, जहां आवारा कुत्तों के झुंड ने एक बुजुर्ग महिला पर हमला कर दिया। यह घटना बीटीआई रोड इलाके की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक नगरपालिका की सेवानिवृत्त कर्मचारी प्रतिभा मोडक गुरुवार रात करीब 10 बजे अपने घर के बाहर टहल रही थीं।

इसी दौरान अचानक आवारा कुत्तों के एक झुंड ने उन पर हमला कर दिया। कुत्तों को देखकर महिला डरकर भागने लगी, लेकिन भागते समय वह सड़क पर गिर गई और कुत्ते उन पर झपट पड़े। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद राहगीर मौके पर पहुंचे और पत्थर फेंककर कुत्तों के झुंड को भगाया, जिससे महिला की जान बच सकी।

इस हमले में बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं और काफी खून बह गया। उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई और अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक से लोगों को राहत दिलाने के लिए प्रशासन कब और क्या ठोस कदम उठाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *