सिवनी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कुख्यात हिस्ट्रीशीटर अजीत उपाध्याय और प्रबुद्ध शुक्ला समेत तीन फरार आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद

सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सनसनीखेज मामले में फरार चल रहे कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली पुलिस ने युवक की सरेआम हत्या के प्रयास के गंभीर प्रकरण में लंबे समय से फरार हिस्ट्रीशीटर अजीत उपाध्याय, प्रबुद्ध शुक्ला और उनके एक अन्य साथी को पकड़ने में सफलता हासिल की है।

जानकारी के मुताबिक इन आरोपियों की तलाश पुलिस को काफी समय से थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी पेंच टाइगर रिजर्व के इलाके में छिपे हुए हैं। इसके बाद पुलिस ने टीम बनाकर जंगल क्षेत्र में दबिश दी और घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक कार, एक पिस्टल, जिंदा कारतूस और एक चाकू भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी काफी समय से फरार चल रहे थे और इनके खिलाफ पहले से ही कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को सख्त सुरक्षा के बीच शहर में लेकर आई और कानून का संदेश देने के लिए उनका जुलूस भी निकाला। इस दौरान इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा।

फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *