दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां अवैध संबंध के शक में एक पति ने अपनी ही पत्नी की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सेवड़ा रोड स्थित आदिवासी डेरा की है। बताया जा रहा है कि पति को अपनी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ अवैध संबंध होने का शक था। इसी शक ने इतना भयावह रूप ले लिया कि गुस्से में आगबबूला पति ने पत्नी पर डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और उसे इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी का गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ। वह कथित प्रेमी को भी जान से मारने के इरादे से निकल पड़ा था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस को सूचना मिल गई और पुलिस ने आरोपी को रास्ते में ही पकड़ लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और मर्ग कायम कर मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में भय और सनसनी का माहौल बना हुआ है।

