टीकमगढ़। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां गोवंश के साथ क्रूरता की एक और शर्मनाक वारदात ने लोगों को झकझोर दिया है। मामला बल्देवगढ़ कस्बे के पास स्थित ग्राम केलपुरा का है, जहां देर रात एक कुएं में बछड़े का कटा हुआ सिर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार बछड़े के शरीर के बाकी अंग एक बोरी में बंद करके फेंके गए थे। जैसे ही स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी मिली, इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इस घटना को लेकर हिंदू संगठनों ने भी कड़ी नाराजगी जाहिर की है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और कुएं से बछड़े के सिर सहित अन्य अवशेषों को बाहर निकलवाया। इसके बाद सभी अंगों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं बाद में जेसीबी की मदद से बछड़े के शव को जमीन में दफनाया गया।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना से नाराज हिंदू संगठनों ने दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है और चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

