इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में कुछ घंटों की तेज बारिश ने नगर निगम की बारिश पूर्व तैयारियों की हकीकत सामने ला दी। शहर के कई इलाकों में भारी जलभराव हो गया, जिससे सड़कें नदी जैसी नजर आने लगीं और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई प्रमुख मार्गों पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया, जबकि निचले इलाकों में पानी घरों और सड़कों तक भर गया।
सबसे चौंकाने वाली तस्वीर चंदन नगर इलाके से सामने आई, जहां तेज पानी के बहाव में एक थार गाड़ी नाले में फंस गई। बताया जा रहा है कि तेज बहाव के कारण सड़क और नाले का अंतर दिखाई नहीं दिया, जिससे परिवार सहित सवार लोग वाहन समेत नाले में जा गिरे। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और क्रेन की मदद से काफी मशक्कत के बाद गाड़ी को सुरक्षित बाहर निकाला। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सिर्फ चंदन नगर ही नहीं, बल्कि शहर के कई अन्य इलाकों में भी जलभराव की स्थिति देखने को मिली। सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और लोगों को लंबे जाम का सामना करना पड़ा।
बारिश के बाद एक बार फिर नगर निगम की तैयारियों पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि हर साल बारिश से पहले नालों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन पहली तेज बारिश में ही पूरा सिस्टम जवाब दे देता है।
फिलहाल शहर में जलभराव के वीडियो लगातार सामने आ रहे हैं और लोग सोशल मीडिया पर नगर निगम की व्यवस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं। बारिश ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि जल निकासी की व्यवस्था में सुधार की जरूरत अब भी बनी हुई है।

