टीवी एक्ट्रेस और मॉडल खुशी मुखर्जी का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह दुबई की सड़क पर रोती हुई नजर आ रही हैं। वीडियो में खुशी मुखर्जी दावा कर रही हैं कि एक शख्स बाइक पर आया और उन्हें थप्पड़ मारकर वहां से भाग गया। इस घटना के बाद वह काफी डरी हुई और भावुक दिखाई दे रही हैं।
खुशी मुखर्जी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर यह वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह कहती नजर आ रही हैं कि रात के करीब 9 बजे वह सड़क पर थीं, तभी एक व्यक्ति बाइक पर आया और उन्हें थप्पड़ मारकर चला गया। वीडियो में वह यह भी कहती हैं कि अगर वह पुलिस स्टेशन जाएंगी भी तो क्या होगा, क्योंकि वहां सड़कों पर लगे कैमरों से भी कोई मदद नहीं मिल पाएगी।
वीडियो के दौरान खुशी मुखर्जी बार-बार पीछे मुड़कर देखती नजर आती हैं और कहती हैं कि कोई लगातार उनका पीछा कर रहा है। वह तेज कदमों से चलते हुए काफी घबराई हुई दिखाई देती हैं।
इस वीडियो को शेयर करते हुए खुशी मुखर्जी ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि कुछ लोग उनसे पुराना बदला ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बार उन्हें ऐसा महसूस हो रहा है जैसे वह पूरी दुनिया से अकेले ही लड़ रही हों। खुशी का यह भी आरोप है कि पुलिस इस मामले में उनकी कोई मदद नहीं कर रही है और पुलिस स्टेशन भी खाली पड़ा है। उनका कहना है कि यहां तक कि महिला अधिकारी भी इस मामले में कोई कार्रवाई करने से बच रही हैं।
खुशी मुखर्जी के इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई यूजर्स ने उनकी चिंता जताते हुए पूछा कि क्या वह ठीक हैं और उनके साथ आखिर हुआ क्या है। वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं जो इस घटना को पब्लिसिटी स्टंट बताकर उनका मजाक उड़ा रहे हैं।
बता दें कि खुशी मुखर्जी टीवी इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस हैं और उन्होंने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की थी। वह रियलिटी शो स्प्लिट्सविला में भी नजर आ चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने टीवी शो और वेब सीरीज में भी काम किया है, जिनमें बालवीर, रीति रिवाज, नादान और देविका जैसे प्रोजेक्ट शामिल हैं। खुशी मुखर्जी साउथ की फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं और साल 2013 में तमिल फिल्म अंजल थुरई में दिखाई दी थीं। इसके अलावा उन्होंने तेलुगु और हिंदी फिल्मों में भी काम किया है।

