लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी Lucknow के मोहनलालगंज क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब एक घर के अंदर मां और उसके दिव्यांग बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह दिल दहला देने वाली घटना मोहनलालगंज इलाके के सिसेंडी कस्बे की बताई जा रही है, जहां दोनों के शव घर के अंदर संदिग्ध हालत में मिले।
जानकारी के मुताबिक महिला की हत्या पानी से भरे टब में डुबोकर किए जाने की आशंका जताई जा रही है, जबकि उसके दिव्यांग बेटे को भी बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया। घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है।
मृतका के रिश्तेदार सलमान ने बताया कि उन्हें रेशमा के बहनोई शब्बू का फोन आया था, जिन्होंने रेशमा के घर जाकर हालचाल लेने के लिए कहा। इसके बाद सलमान अपने भाई फरहान के साथ रेशमा के घर पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि घर के दरवाजे पर बाहर से कुंडी लगी हुई थी और मां-बेटा कहीं नजर नहीं आ रहे थे।
अनहोनी की आशंका के चलते उन्होंने दरवाजा खोलकर घर के अंदर प्रवेश किया, जहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। घर के अंदर रेशमा और उसके बेटे के शव पड़े हुए थे। यह देखते ही उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मां और बेटे को पानी से भरे टब में डुबोकर मारने की आशंका लगाई जा रही है, लेकिन मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है, ताकि इस सनसनीखेज डबल मर्डर के पीछे की सच्चाई जल्द सामने आ सके।

