सागर में शराब माफियाओं पर चला बुलडोजर! 5 ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई, मकान और गोदाम जमींदोज

सागर/भोपाल। मध्य प्रदेश के सागर जिले से बड़ी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के अवैध और जहरीली शराब के कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने के निर्देश के बाद सागर प्रशासन एक्शन मोड में नजर आ रहा है। बंडा क्षेत्र में अवैध शराब मामले से जुड़े मुख्य आरोपियों की कथित अवैध संपत्तियों पर प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ा बुलडोजर एक्शन शुरू किया है।

बताया जा रहा है कि भारी पुलिस बल की मौजूदगी में शराब कारोबार से जुड़े करीब पांच प्रमुख ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन की टीम बुलडोजर और पोकलेन मशीनों की मदद से कथित तौर पर अवैध तरीके से बनाए गए मकानों, बाउंड्रीवॉल और गोदामों को जमींदोज कर रही है।

इस कार्रवाई के दायरे में बंडा के अवैध शराब कारोबार से जुड़े मुख्य आरोपी बताए जा रहे मनीष, चंद्रभान और आशीष की संपत्तियां भी शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक, चिन्हित किए गए कुछ ठिकानों का निर्माण कथित तौर पर शासकीय जमीन पर अतिक्रमण कर या बिना अनुमति के किया गया था और इनका इस्तेमाल अवैध गतिविधियों तथा शराब के भंडारण के लिए किए जाने की बात सामने आई है।

कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। मुख्यमंत्री के सख्त रुख के बाद सागर में हुई इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों और अन्य असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है।

अब बड़ा सवाल यह है कि पांच ठिकानों पर हुई इस कार्रवाई के बाद अवैध शराब के पूरे नेटवर्क पर प्रशासन की कार्रवाई कितनी आगे तक जाती है और इस मामले में सामने आने वाले अन्य लोगों पर भी क्या शिकंजा कसा जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *